Google Analytics हिमाचल-उत्तराखंड में भारी बारिश से तबाही, पीएम मोदी भी एक्शन में - Pipariya Peoples latest News update

हिमाचल-उत्तराखंड में भारी बारिश से तबाही, पीएम मोदी भी एक्शन में

उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में भारी बारिश का कहर जारी है। हिमाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा तबाही हुई है। यहां अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकार ने लोगों से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। उत्तराखंड में भी ऐसा ही हाल है। पहाड़ों पर भूस्खलन सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एक्शन में आ गए हैं। पीएम ने प्रभावित राज्यों के मंत्रियों से बात की है और राहत तथा सहायता पहुंचाने के प्रयास करने के लिए कहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यहां देश के कई हिस्सों में हो रही भारी बरसात के कारण बाढ़ और उससे जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस बैठक में केन्द्रीय मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ मंत्री और शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री ने देश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक वर्षा के मद्देनजर बन रही स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन, राष्ट्रीय आपदामोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदामोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों द्वारा प्रभावित लोगों को बचाने एवं उन्हें राहत सुनिश्चित करने के लिए योगदान की भी जानकारी ली। 

इसी तरह राजधानी दिल्ली में शनिवार और रविवार को हुआ भारी बारिश ने जुलाई में 41 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

हिमाचल प्रदेश और पंजाब में जारी भारी बारिश और बिगड़ते हालात के बीच दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है।


हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के लोगों से अगले 24 घंटों तक घर पर रहने और अधिकारियों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया। राज्य में और बारिश की भविष्यवाणी की गई है, जहां रविवार को रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई, जिससे 14 लोगों की मौत हो गई।

इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसी तरह की अपील जारी की। भारी मानसूनी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया, जिसके बाद अधिकारी हरकत में आए।

भगवंत मान ने एक ट्वीट में कहा, 'पंजाब के निवासियों से मेरी अपील है कि वे घबराएं नहीं। सरकार लोगों के साथ है और हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।'

दिल्ली में प्रगति मैदान टनल बंद

दिल्ली में प्रगति मैदान टनल जलभराव के कारण अस्थायी रूप से यातायात के लिए बंद कर दी गई। लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। टनल के सुरक्षा गार्ड संजीव कुमार ने बताया, 'इसे कल पुलिस कर्मियों ने बंद कर दिया था। सभी द्वारों पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। पूरी सुरंग बंद है।'

हिमाचल प्रदेश के मंडी में बादल फटा, भारी तबाही

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण सबसे ज्यादा तबाही हुई है। मंडी में बादल फटने के बाद कई वाहन बह गए।यहां 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 1100, 1070 और 1077 जारी किए हैं।

मंडी से विक्टोरिया ब्रिज और पंचवक्त्र मंदिर के दृश्य जहां नदी में बाढ़ आई है। यहां एक अन्य पुल भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है।

उत्तराखंड: कुमाऊं में लगातार बारिश के कारण टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग कुछ स्थानों पर अवरुद्ध हो गया है। प्रशासन की ओर से एनएच 9 ऑल वेदर रोड पर सड़क साफ करने का काम जारी है।

No comments

Powered by Blogger.