Google Analytics दादी ने आपातकाल लगाया, राहुल करते हैं विदेशों में प्रजातंत्र की बात : नड्डा - Pipariya Peoples latest News update

दादी ने आपातकाल लगाया, राहुल करते हैं विदेशों में प्रजातंत्र की बात : नड्डा


खरगोन, 30 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आज कांग्रेस आलाकमान को निशाने पर लेते हुए कहा कि जिन राहुल गांधी की दादी ने देश पर आपातकाल थोप दिया, वे इंग्लैंड में जाकर भारत में प्रजातंत्री की बहाली की बात करते हैं। श्री नड्डा ने केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए ये बात कही। इस दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी उपस्थित थे। इसके पहले श्री नड्डा का यहां एक रोड शो भी आयोजित हुआ। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री गांधी की दादी ने देश में आपातकाल लगाया, जिसमें भाजपा की विचारधारा के 75 हजार लोग जेल गए। 

इसी क्रम में उन्होंने कहा कि श्री गांधी संभवत: पढ़े-लिखे कम हैं, जिनकी दादी ने आपातकाल लगाया, वे ही इंग्लैंड में जाकर भारत में प्रजातंत्र की बहाली की बात कर रहे हैं। श्री नड्डा ने कहा कि पहले भारत के प्रधानमंत्री विदेशों में जाते थे, तो पाकिस्तान, आतंकवाद और इसके चलते रुके विकास की बात होती थी। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश जाते हैं, तो उन्हें दूसरे देश राष्ट्रीय सम्मान देते हैं, लेकिन श्री मोदी की इस वैश्विक प्रशंसा से कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेशों की भाजपा सरकारें 'प्रो-रेस्पोंसिव' और 'प्रो-एक्टिव' हैं, जो जनता की अपनी तरफ से चिंता करती हैं और विपरीत परिस्थितियों में फौरन राहत पहुंचाती हैं।

No comments

Powered by Blogger.