21 लाख वृक्षारोपण के संकल्प के साथ BSF की बुढ़ानिया पहाड़ी पर 51 हजार पौधे लगाकर महाअभियान का हुआ शुभारंभ
21 लाख वृक्षारोपण के संकल्प के साथ BSF की बुढ़ानिया पहाड़ी पर 51 हजार पौधे लगाकर महाअभियान का हुआ शुभारंभ
सभी घरों में वाटर हार्वेस्टिंग कर हमें जल संकट का समाधान करना है - मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
21 लाख पेड़ लगाने का हमने संकल्प लिया है और 22 लाख 50 हजार पौधारोपण के स्थान हमने चिन्हित किए हैं - मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
पत्थर में पेड़ उगाना चैलेंज का काम है और मुझे चैलेंज के काम करने में मजा आता है - मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
हम शहर में खाली स्थानों की खोज कर वहां पर घना वन विकसित कर रहे हैं - मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर - रविवार 12 जुलाई को ग्राम बुढ़ानिया की पहाड़ी पर 51 हजार पौधे लगाकर 21 लाख वृक्षारोपण के संकल्प का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हमारे बेहतर भविष्य के लिए वृक्षारोपण और जल संचयन दोनों जरूरी है। यदि हमें आने वाला कल बेहतर बनाना है तो हमें इन दोनों कार्यों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए इनको आगे बढ़ाना है। बुढ़ानियां की 48 एकड़ बंजर भूमि पर कुल 1 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
मैं लगातार तीसरे साल इस वृक्षारोपण अभियान में शामिल हो रहा हूं - मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि माता-पिता हमें जन्म देते हैं, लेकिन वृक्ष हमें प्राण वायु प्रदान कर हमें जीवन देते हैं। वृक्ष कार्बन डाई आक्साइड ग्रहण कर हमें प्राण वायु देते हैं। ऐसे में इस प्राण दाता वायु के अभियान के लिए कैलाश जी भाई साहब का कार्य प्रशंसनीय है। उनके मार्गदर्शन में वृक्षारोपण का यह महाअभियान लगातार तीसरे साल आयोजित हो रहा है। मैं लगातार तीसरे साल इस वृक्षारोपण अभियान में शामिल हो रहा हूं। आज प्रधानमंत्री मोदी जी के स्वप्न को साकार करते हुए संपूर्ण भारत में जो हरियाली की चादर ओढ़ाई जा रही है यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। माता अहिल्या ने प्राचीन समय में पर्यावरण का ध्यान रखते हुए जल संरक्षण के लिए बड़ी संख्या में बावड़ियां बनवाई थी। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि हमारी सरकार के बनने के बाद जल संरक्षण की दिशा में हमने काफी काम किया है। इस बार हमने जल संरक्षण के लिए तीन महीने अभियान चलाया। इसलिए जल संरक्षण को लेकर देश में मध्य प्रदेश का उल्लेखनीय स्थान बना है। 10 हजार करोड़ के पौने तीन लाख कार्य इस दिशा में मध्य प्रदेश में हुए हैं। मालवा की माटी के बारे कहा जाता है कि 'मालव माटी गहन गंभीर, पग-पग माटी, डग-डग नीर'। मालवा को नदियों का मायका कहा जाता है। वृक्ष ऋषियों के समान होते है अपने स्थान पर साधना करते हुए हमें आशीर्वाद प्रदान करते हैं। उन्होंने इस अवसर पर कैलाशजी और प्रहलादजी की जोड़ी को राम-लक्ष्मण की जोड़ी कहा।
आर्थिक दिशा तय करने वाले शहर ने अब बेहतर पर्यावरण का जिम्मा उठाया है - प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि एक पेड़ लगाना सामान्य बात है, लेकिन लाखों पेड़ों का संकल्प लेकर उनको लगाना बहुत बड़ी बात है। एक साल वृक्षारोपण अभियान चलाना सामान्य बात है, लेकिन लगातार तीसरे साल इतने बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करना बड़ी बात है। पहले इंदौर प्रदेश की आर्थिक दिशा तय करने वाला जिला था, लेकिन प्रदेश के पर्यावरण को बेहतर करने का जिम्मा भी इंदौर ने लिया है। मैं इसके लिए कैलाश जी और उनके साथ नगरवासियों का बहुत-बहुत अभिवादन करता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि इंदौर भविष्य में भी रोजगार दिलाने के साथ बेहतर पर्यावरण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा।
सभी पार्षद अपने क्षेत्र के घरों में वाटर हार्वेस्टिंग करवाए - मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आज दो कार्यक्रम है, जल संचयन और वृक्षारोपण। पानी बचाओ, पेड़ लगाओं। इस साल हमने जल संकट का सामना किया। हमारे 80 प्रतिशत बोरवेल सूख गए, यदि हमने आज जल संचयन किया तो आने वाले समय हमारे लिए बेहतर होगा। मैं सभी पार्षदों से निवेदन करता हूं वे अपने क्षेत्र के सभी घरों में वाटर हार्वेस्टिंग करवाए। मुझे गर्व है कि प्रधानमंत्री मोदीजी के आह्वान पर इंदौर शहर ने 51 लाख वृक्षारोपण का सफल आयोजन किया था। पिछली बार भी हमने 15 लाख 50 हजार पेड़ लगाए थे और इस बार 21 लाख पेड़ लगाने का हमने संकल्प लिया है। अभी तक 22 लाख 50 हजार पौधारोपण के स्थान हमने चिन्हित कर लिए हैं। हम 6 से लेकर 10 फीट तक के पौधे लगा रहे हैं, जो पथरीली जमीन पर आसानी से वृक्ष बन जाएंगें। मेरा दावा है कि इंदौर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इंदौर में एक पेड़ मां के नाम से सर्वाधिक पेड़ लगाए हैं। मुझे यह बताते हुए गर्व है।
प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते हुए मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि 21 लाख पेड़ लगाना और उसके लिए 21 लाख गड्ढे करना कोई छोटा काम नहीं है। बारिश होने से अभी तक हम 50 से 60 हजार गड्ढे कर पाए हैं, जबकि हमारा टारगेट एक लाख का था। यहां की जमीन पथरीली है इसलिए गड्ढों में काली मिट्टी और खाद डालकर पौधे लगाए जा रहे हैं। पत्थर में पेड़ उगाना चैलेंज का काम है और मुझे चैलेंज के काम करने में मजा आता है। इंदौर कभी बगीचों का शहर था, लेकिन अब धीरे-धीरे बिल्डिंगों का शहर हो रहा है। इसलिए हम खाली स्थानों को खोज कर वहां पर घना वन विकसित कर रहे हैं। यहां पर पौधों को पेड़ बनाने की जिम्मेदारी बीएसएफ ने ली है। उन्होने कहा कि अमित शाह जी ने तय तारीख पर नक्सलवाद का खात्मा किया। इस दौरान हमारे जवानों ने बलिदान दिया और घायल भी हुए उनमें से दो जवानों का आज हमने सम्मान किया है। पृथ्वी डिफेंस अकादमी के संचालक विजय यादव नाममात्र के शुल्क पर देश के लिए सैनिक तैयार कर रहे हैं इसलिए उनका भी सम्मान किया गया।
बीएसएफ के बहादुर जवानों का किया सम्मान
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सल हमले में घायल होकर 60 प्रतिशत तक दिव्यांग हुए बीएसएफ के दो जवान रामेंद्र सिंह और रवि कुमार चौहान को सम्मानित करते हुए उनको दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के प्रयास से दी गई। दोनो जवानों ने बारुदी सुरंग की चपेट में आने के बावजूद अपने 40 साथियों की जान बचाई थी। देश के सुरक्षा बलों में अपनी कोचिंग के माध्यम से एक हजार से ज्यादा नौजवानों का चयन करवाने वाले पृथ्वी डिफेंस अकादमी के संचालक पूर्व सैनिक विजय यादव को भी सम्मानित करते हुए दो लाख की राशि दी गई। एमआईसी मेंबर मनीष मामा ने 21 लाख पेड़ लगाने के लिए राजबाड़ा में जन जागरण का आयोजन कर सभी को चाय नाश्ता करवाया और 21 घंटे लगातार संगीत महोत्सव का आयोजन कर वृक्षारोपण को लेकर माहौल बनाया। इसके लिए उनका भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक जीतू जिराती ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के जन्मदिन से संबंधित नोटों का कलेक्शन कर एक तस्वीर के रूप में सजाकर उनको भेंट किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं उनके साथ 21 विशेष अतिथियों ने मां की बगीया में आम, अमरुद, मौसंबी, अंजीर, बादाम जैसे फलदार पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, प्रदेश संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर रावत, सांसद शंकर लालवानी विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, गोलू शुक्ला, मधु वर्मा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, सुदर्शन गुप्ता, संजय शुक्ला, , बीएसएफ के महानिरीक्षक टी.पी. एस संधू सहित बड़ी संख्या में लोग मोजूद थे।


Leave a Comment