Google Analytics 10 साल की मासूम की हत्या से हिला तमिलनाडु - Pipariya Peoples latest News update

10 साल की मासूम की हत्या से हिला तमिलनाडु

 10 साल की मासूम की हत्या से हिला तमिलनाडु
तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के सुलूर इलाके में 10 साल की एक बच्ची की हत्या के मामले ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है. गुरुवार शाम से लापता बच्ची शुक्रवार को कन्नमपलयम झील के पास घायल हालत में मृत मिली. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक बच्ची अपने घर के पास किराने का सामान खरीदने निकली थी. इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया और बाद में उसकी हत्या कर दी. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक और मोहन राज के रूप में हुई है.




घटना के बाद बच्ची के माता-पिता और रिश्तेदारों ने सुलूर पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की.  पीड़ित परिवार ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री की तरफ से कोई आधिकारिक बयान या भरोसा नहीं मिलता, तब तक वे बच्ची का शव मुर्दाघर से नहीं लेंगे. परिवार के एक सदस्य ने ANI से कहा, 'हमने बदलाव के लिए वोट दिया था. लेकिन अब कोई भरोसा या बयान तक नहीं मिल रहा है.'

मुख्यमंत्री जोसेफ विजय का बयान
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची के साथ हुई यह घटना बेहद दुखद और झकझोर देने वाली है.उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे अमानवीय और माफ न किए जा सकने वाले अपराधों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक संदीप राय राठौर भी मामले की जांच की समीक्षा करने के लिए कोयंबटूर पहुंचे हैं.पीड़ित परिवार के रिश्तेदार सेंथिल कुमार ने बताया कि शुरुआत में परिवार को सिर्फ बच्ची के लापता होने की जानकारी मिली थी, लेकिन बाद में पता चला कि उसका शव झील के किनारे मिला है.घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्रों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.

मामला बना राजनीतिक मुद्दा
इस घटना के बाद तमिलनाडु की राजनीति भी गरमा गई है. विपक्षी पार्टी DMK ने राज्य की नई TVK सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं.DMK नेता उदयनिधि स्टालिन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि नई सरकार बनने के सिर्फ 12 दिनों के अंदर राज्य में 30 से ज्यादा बड़ी आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं.उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में यौन हिंसा, गांजा तस्करी, गुंडागर्दी और अब बच्ची के अपहरण और हत्या जैसे मामले शामिल हैं, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं.

सरकार का जवाब
तमिलनाडु के मंत्री एमएस संपत ने अस्पताल जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री से बात हुई है और जांच जारी है.उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी.सुलूर से चुने गए TVK विधायक एनएम सुकुमार ने भी परिवार से मुलाकात की और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया.BJP नेता नारायणन तिरुपति ने इस घटना को बेहद दुखद बताया, लेकिन साथ ही पिछली DMK सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति पिछली सरकार की देन है और सरकार बदलने के बाद भी हालात तुरंत नहीं बदले हैं.

No comments

Powered by Blogger.