ट्रंप का बड़ा बयान: 'मैं मोदी का प्रशंसक हूं', ईरान संकट के बीच भारत के साथ दोस्ती को बताया सबसे अहम

 ट्रंप का बड़ा बयान: 'मैं मोदी का प्रशंसक हूं', ईरान संकट के बीच भारत के साथ दोस्ती को बताया सबसे अहम
ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। शनिवार को 'इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026' के दौरान ट्रंप का एक खास संदेश पढ़कर सुनाया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें भारत और भारतीय लोगों से बेहद प्यार है। ट्रंप ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी की भी जमकर तारीफ की और दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बताया। यह संदेश अमेरिकी दक्षिणपंथी कार्यकर्ता लॉरा लूमर ने मंच से पढ़ा।




खास बात यह रही कि ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि वह भविष्य में फिर से भारत आने का प्लान बना सकते हैं। ऐसे समय में जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव की खबरें सुर्खियों में हैं, ट्रंप का भारत और मोदी के लिए यह संदेश काफी चर्चा में आ गया है।

लूमर: भारत के लोगों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का खास मैसेज
आपके मन में सवाल उठ रहा होगा कि आखिर कौन है ये लॉरा लूमर… तो बता दें लॉरा लूमर अमेरिका की दक्षिणपंथी कार्यकर्ता और ट्रंप की विशेष समर्थक हैं। उन्हें बड़े मंचों पर अक्सर ट्रंप की तारीफ करते हुए देखा गया है। इसके आलावा लूमर अपने विवादित बयानों के लिए भी जानी जाती हैं।

कॉन्क्लेव में बोलते हुए उन्होंने बताया कि मंच पर आने से कुछ समय पहले ही उनकी ट्रंप से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों को वह संदेश पढ़कर सुनाया, लूमर ने कहा कि ट्रंप ने उनसे कहा, “मैं भारत से प्यार करता हूं। मुझे नरेंद्र मोदी बहुत पसंद हैं और मैं भारतीय लोगों से भी प्यार करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी एक शानदार नेता हैं और मेरे अच्छे दोस्त भी हैं। भारत के लोगों से कहिए कि मैं जल्द ही एक और दौरे पर भारत आने की योजना बना रहा हूं।”

ट्रंप-मोदी की दोस्ती
राष्ट्रपति ट्रंप (Donald Trump) और पीएम मोदी (Narendra Modi) के बीच पिछले कुछ वर्षों में मजबूत राजनीतिक रिश्ते देखने को मिले हैं। दोनों नेताओं ने कई बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों और कूटनीतिक बैठकों के जरिए भारत-अमेरिका संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश की है।

इस दोस्ती का सबसे चर्चित पल साल 2020 में तब देखने को मिला, जब ट्रंप भारत दौरे पर आए थे। उस दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित भव्य ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में दोनों नेता एक साथ मंच पर नजर आए थे। इस कार्यक्रम में हजारों लोगों की भीड़ जुटी थी और ट्रंप ने वहां मौजूद समर्थकों को संबोधित भी किया था। इससे पहले वर्ष 2019 में ‘हाउडी मोदी’ (Howdy Modi) कार्यक्रम अमेरिका में आयोजित हुआ था। इसमें भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi और अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने साथ मंच साझा किया। इस कार्यक्रम में हजारों भारतीय-अमेरिकियों ने भाग लिया और यह भारत-अमेरिका दोस्ती का बड़ा प्रतीक बना।

ट्रंप और मोदी कई मौकों पर एक-दूसरे की खुलकर तारीफ कर चुके हैं। दोनों ने व्यापार, रक्षा और रणनीतिक साझेदारी जैसे अहम क्षेत्रों में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है।

No comments

Powered by Blogger.