बांग्लादेश के नए PM तारिक रहमान को दिया दिल्ली आने का न्योता

 बांग्लादेश के नए PM तारिक रहमान को दिया दिल्ली आने का न्योता

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार (17 फरवरी) को बांग्लादेश के नव निर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यक्तिगत बधाई पत्र सौंपा. ओम बिरला, विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ भारत सरकार की ओर से रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए. लोकसभा अध्यक्ष ने मालदीव के राष्ट्रपति, भूटान के प्रधानमंत्री और अन्य नेताओं से भी मुलाकात की.



तारिक रहमान को मिला दिल्ली आने का न्योता

लोकसभा अध्यक्ष ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ एक सार्थक बैठक संपन्न हुई. मैंने पीएम मोदी का व्यक्तिगत पत्र उन्हें सौंपा, जिसमें पीएम मोदी ने तारिक रहमान को जल्द से जल्द भारत आने का निमंत्रण दिया.'


तारिक रहमान के साथ बैठक को लेकर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, 'मैंने भारत की जनता की ओर से हार्दिक बधाई दी और अपने दोनों पड़ोसी देशों के बीच स्थायी साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.' भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने कहा, 'ओम बिरला ने भारत की ओर से शुभकामनाएं दीं और देश में आने का निमंत्रण दिया. दोनों नेताओं ने बांग्लादेश और भारत की जनता के कल्याण के लिए जन-केंद्रित सहयोग नीतियों पर मिलकर काम करने की आशा व्यक्त की.'


मोहम्मद यूनुस का कार्यकाल का हुआ अंत

तारिक रहमान के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही मोहम्मद यूनुस नीत अंतरिम सरकार का 18 महीने से जारी शासन समाप्त हो गया, जिस दौरान बांग्लादेश में राजनीतिक अनिश्चितता और अराजकता की स्थिति रही थी. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बांग्लादेश के शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व की उपस्थिति में जातीय संसद के साउथ प्लाजा के खुले परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया. शपथ ग्रहण के बाद तारिक रहमान ने पद और गोपनीयता की शपथ वाले दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए. 


साउथ एशिया के कई नेता शपथ ग्रहण में रहे मौजूद

तारिक रहमान पहली बार प्रधानमंत्री बने हैं और उनका कार्यकाल 5 साल का होगा. मोहम्मद यूनुस का शासनकाल के दौरान ढाका के नयी दिल्ली के साथ संबंधों में काफी गिरावट आई थी. बांग्लादेश के राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने समारोह में 25 मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों को भी शपथ दिलाई. इस कार्यक्रम में भारत और पाकिस्तान सहित पड़ोसी देशों के कई नेता उपस्थित थे.

No comments

Powered by Blogger.