'हिंदू गर्जना रैली' में टी. राजा सिंह ने हत्याकांड को बताया 'लव जिहाद'
'हिंदू गर्जना रैली' में टी. राजा सिंह ने हत्याकांड को बताया 'लव जिहाद'
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में आयोजित 'हिंदू गर्जना रैली' में तेलंगाना के फायरब्रांड विधायक टी. राजा सिंह ने एक बार फिर विवादित और तीखे बयानों से सियासी पारा चढ़ा दिया है. शिवाजी जयंती के अवसर पर आयोजित धर्म सभा को संबोधित करते हुए राजा सिंह ने भोपाल के चर्चित सिया हत्याकांड को 'लव जिहाद' करार दिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विशेष समुदाय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
भोपाल के गुनगा इलाके में 33 वर्षीय सिया की हत्या और शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने की घटना का जिक्र करते हुए राजा सिंह ने मंच से कहा, "हमारी गोंदिया की बेटी सिया को धोखे से लिव-इन में रखा गया और निकाह की बात करने पर उसे मार दिया गया." हालांकि, पुलिस जांच में मुख्य आरोपी का नाम 'शिवप्रसाद' सामने आया है, लेकिन राजा सिंह ने मंच से आरोपी को 'समीर' कहकर संबोधित किया और इस घटना को 'लव जिहाद' और 'मिशन नरसंहार' का हिस्सा बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक जेहादी मानसिकता का परिणाम है.
CM मोहन यादव से की मांग
राजा सिंह ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग करते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि "वोटों के लालच में ऐसे लोगों को मुफ्त राशन और सरकारी मकान देना बंद किया जाए." उन्होंने लव जिहाद, लैंड जिहाद और जिम जिहाद का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब 'मुसलमान मुक्त मध्य प्रदेश' चाहती है. उन्होंने सरकार से आरोपियों के घरों पर तत्काल बुलडोजर चलाने की अपील की.
ओवैसी और राजनीति पर तीखा प्रहार
अपने भाषण में राजा सिंह ने हैदराबाद के ओवैसी भाइयों पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने ओवैसी भाइयों को 'साले' और खुद को उनका 'जीजा' बताते हुए कहा कि "भारत में रहना है तो वंदे मातरम कहना होगा." राजनीति को 'कीचड़' बताते हुए राजा सिंह ने कहा कि वे अपने बेटे को नेता नहीं, बल्कि धर्म रक्षक 'संभाजी महाराज' जैसा बनाएंगे. उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री को भी 'वोट का भिखारी' करार दिया.

Leave a Comment