Header Ads

Header ADS

MP Lok Sabha Election 2024: देवाशीष जरारिया ने सुबह कांग्रेस से दिया इस्तीफा, कुछ देर बाद बसपा ने उन्हें भिंड से बना दिया प्रत्याशी

 


MP Lok Sabha Election 2024 भिंड। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी देवाशीष जरारिया ने बुधवार की सुबह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उन्होंने बसपा का सदस्यता ले ली और पार्टी ने उन्हें भिंड से अपना लोकसभा प्रत्याशी बना दिया है।

बता दें कि वर्ष 2019 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने देवाशीष जरारिया को उम्मीदवार बनाया था। बीते चुनाव में देवाशीष जरारिया और भाजपा की संध्या राय के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली थी। हालांकि देवाशीष जरारिया को 2 लाख से अधिक वोटो से मात मिली थी और संध्या राय इस चुनाव में विजयी होकर दिल्ली पहुंची थी।

 


लोकसभा चुनाव लड़ाने का दिया था आश्वासन

पिछले 5 साल से देवाशीष ग्वालियर चंबल संभाग की राजनीति करते आ रहे थे। विधानसभा चुनाव में देवाशीष जरारिया ने टिकट की मांग की थी तब पार्टी ने उनको लोकसभा चुनाव लड़ाने की बात कही थी, लेकिन जब कांग्रेस ने कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया को चुनावी मैदान में उतारने का निर्णय लिया तो उनका दर्द फूट पड़ा था। इसके बाद उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर जमकर अपनी भड़ास निकाली थी। देवाशीष एक सप्ताह से बहुजन समाज पार्टी के केंद्रीय व प्रदेश स्तरीय के नेताओं के संपर्क में थे। अब एक बार फिर से बीएसपी ने देवाशीष को अपना बना कर चुनावी मैदान में उतारे जाने पर मंथन शुरू कर दिया है।


देवाशीष बोले- राजनीतिक रूप से मेरी हत्या की गई

पार्टी से इस्तीफा देने को लेकर जब 'नईदुनिया' ने देवाशीष से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने पहले मेरा टिकट काट दिया। इसके बाद मुझे प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी भी नहीं दी। टिकट कटने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मेरी मुलाकात हुई थी। उन्होंने मुझे प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी देने की बात कही थी। मुलाकात हुए आज 35 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

मंगलवार को जब भिंड-दतिया कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया ने नामांकन फार्म भरा तो मुझे इसकी सूचना नहीं दी गई। पार्टी की बैठकों में मुझे शामिल नहीं किया जा रहा। मेरा टिकट काटने के साथ ही मुझे अब क्षेत्र से भी काटने का काम किया जा रहा है। राजनीतिक रूप से मेरी हत्या करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी उन्हीं लोगों की सुनती है जो कि ताकत दिखाते हैं, पार्टी का नुकसान करते हैं। लेकिन अब और नहीं। मैं, जनता के बीच जाऊंगा, रही बात बसपा में शामिल होने की तो कुछ घंटों के बाद सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा।

No comments

Powered by Blogger.