केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भाजपा सरकार के 20 साल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया

भोपाल। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को मप्र प्रवास पर हैं। वह दोपहर करीब सवा 12 बजे वायुसेना के विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनकी आत्मीय अगवानी की। यहां से  केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह सीधे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मिशन को लेकर मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के 20 साल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इसी कार्यक्रम में शाह द्वारा ‘गरीब कल्याण महाअभियान’ की भी शुरुआत की जाएगी। यहां के बाद शाह ग्वालियर जाएंगे, जहां वह मध्य प्रदेश के मन में मोदी का उद्घोष करेंगे।


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गरीब कल्याण महाअभियान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमने एक बीमारू राज्य को 20 साल में विकसित राज्य के रूप में आगे ले जाने काम किया है। आत्म निर्भर मध्य प्रदेश की नींव इन वर्षों में रखी गई। शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश का गठन 1956 में हुआ, तब से 2003 तक कांग्रेस का शासन रहा। मध्य प्रदेश को 53 साल में बीरारू राज्य बनाया । आने वाले अमृतकाल का समय मध्य प्रदेश के लिए बेमिसाल साबित होगा। हर क्षेत्र में एमपी आगे बढ़ रहा है। एमपी के सभी अंचलों तक विकास पहुंचाया है।


अमित शाह ने भरोसा जताया कि 2024 में लोकसभा की पूरी सीट हमें जनता देगी। उन्होंने कहा कि 2003 में बंटाधार की सरकार को हटाकर उमा भारती के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी और इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में 20 साल में विकास के कार्य हुए हैं। मध्य प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया। मैं मध्य प्रदेश की जनता को कहने आया हूं कि यह गरीबी से मुक्ति का चुनाव है। आबादी के 10 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।


दिग्विजय- कमल नाथ जवाब दें कि अजा- अजजा के मात्र एक हज़ार करोड़ रुपये खर्च करते थे, आज हमारी सरकार इस वर्ग पर 64 हज़ार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। स्वास्थ्य का बजट 580 करोड़ से बढ़कर 16 हजार करोड़ हुआ। सर्व शिक्षा अभियान का बजट बढ़ा है। पहले सड़कों में गड्ढे थे या गड्ढे में सड़क थी, समझ में नहीं आता था। कांग्रेस ने किसानों को गुमराह किया। जिसने खेत नहीं देखा, वो कमल नाथ एमएसपी की बात करते हैं। मध्य प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय एक लाख 40 हजार हो गई है।


उन्होंने ललकारते हुए कहा कि कांग्रेस हमारे रिपोर्ट कार्ड का जवाब दे और हिम्मत है तो पचास साल का हिसाब दे। मनमोहन सरकार ने मात्र एक लाख 95 हज़ार करोड़ रुपये दिये और मोदी सरकार ने आठ लाख 31 हज़ार करोड़ दिये। राशन कांग्रेस के चट्टे-पट्टे ही खा जाते थे।


अमित शाह ने कहा कि मोदी जी ने योजना बनाने में कटौती नहीं की और बजट देने में भी कमी नहीं की। पहले टुकड़े-टुकड़े में विकास होता था। अब समुचित विकास होता है। 80 लाख शौचालय बन चुके है, 10 लाख 87 हजार सिलेंडर वितरित किए हैं। 31 हजार करोड़ की लागत से नर्मदा एक्सप्रेस वे का निर्माण किया है।


क्या किया कांग्रेस ने 15 महीने की सरकार में। हमारी सरकार की योजनाओं को लंगड़ा कर दिया था कमल नाथ सरकार ने। 46 लाख बेटियों को लाडली लक्ष्मी योजना का लाभ मिला है। प्रदेश में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या 24 तक पहुंच चुकी है। ट्राइबल के लिए पेसा कानून लागू किया है। मोदी और शिवराज सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद करने का काम कांग्रेस ने किया।


अमित शाह ने कहा कि 14 देशों ने सिर्फ़ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  का सम्मान नहीं किया बल्कि हमारी विकासगाथा का सम्मान किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  ने विकसित राज्य बनाने का बीड़ा उठाया है। कांग्रेस ने जब सत्ता पाई तब सिर्फ़ घोटाला किया । बोफ़ोर्स से लेकर फाक्सवेगन तक दो दर्जन घोटालों की लिस्ट शाह ने सुनाई।


शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में आज भारत नंबर वन बना है। एमपी की जनता को चुनना है कि घोटालों की, बंटाढार की सरकार चाहिये या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास में आप सहभागी बनेंगे। महान भारत बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने में आप सहयोग करें।


पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मप्र के विकास को मिली गति - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह


गरीब कल्याण महाअभियान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक समय था, जब मप्र को बीमारू राज्य कहा जाता था। डबल इंजन की सरकार ने विकास के कीर्तिमान गढ़े हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में 2014 से मध्य प्रदेश के विकास को गति मिली है। आजादी के अमृत काल में 2047 तक देश को गौरवशाली वैभवशाली बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री ने लिया है उसे पूरा करने में मध्य प्रदेश महत्वपूर्ण योगदान करेगा।


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि सिंचाई के क्षेत्र में मध्य प्रदेश में चमत्कार हुआ है। दोगुनी गति से एमपी प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सहयोग में कोई कसर नहीं छोड़ी। महिला सशक्तिकरण में अभूतपूर्व काम हुआ । कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य का तमग़ा दिया था। यह शब्द राजीव गांधी ने दिया था।


लघु फिल्म से बताईं 20 वर्ष की उपलब्धियां


कार्यक्रम के मंच से पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने गरीब कल्याण महाअभियान के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। गरीब कल्याण महाअभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में 20 वर्षों की उपलब्धियों की लघु फिल्म दिखाई गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में किए गए विकास कार्यों की जानकारी फिल्म के माध्यम से दी गई।



भोपाल और ग्वालियर में शाह देंगे चुनावी विजय का मंत्र


- गरीब कल्याण के मुद्दे पर 2023 का रास्ता तय करेगी भाजपा, सरकार की योजनाएं ही बनेंगी मुद्दा


- राजनीति के नजरिए को बदल रही भाजपा


- अब जातिवाद, परिवारवाद नहीं बल्कि गरीबों की राजनीति का है युग


- कांग्रेस को चुभ सकता है गरीबों का कल्याण, भाजपा का एक ही लक्ष्य- गरीब कल्याण


- अमित शाह का फरमान- गरीब कल्याण ही भाजपा की रीति और नीति में सर्वप्रथम


- मप्र चुनाव में मोदी इफेक्ट, भाजपा की तैयारी चुनाव लड़ने के लिए परफेक्ट


-

केंद्रीय संगठन का साथ, प्रदेश संगठन का प्रयास, जनता का विश्वास, फिर जीतेंगे शिवराज?


एक माह पहले से बनाया जा रहा था रिपोर्ट कार्ड


एक माह पहले से रिपोर्ट कार्ड तैयार करने में अधिकारी जुटे हुए थे। वर्ष 2003 से लेकर 2018 और मार्च 2020 से लेकर अब तक प्रदेश में हुए कार्य का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा जाएगा। इसमें 2003 तक रही कांग्रेस सरकार और उसके बाद भाजपा सरकार के कामकाज की तुलना भी रहेगी। 15 भागों में तैयार किए गए इस रिपोर्ट कार्ड में अग्रणी मध्य प्रदेश, गरीब कल्याण, महिला सम्मान, किसान कल्याण, सर्वजन कल्याण, स्वास्थ्य, सशक्त युवा, शिक्षा, उद्योग व अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना, कानून व्यवस्था, कामकाजी व कर्मचारी वर्ग कल्याण, मध्य प्रदेश सरकार का जनभागीदारी माडल, संस्कृति व सुशासन के क्षेत्र में भाजपा सरकार की उपलब्धियों का विवरण दिया जाएगा।


ग्वालियर में शाह प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को करेंगे संबोधित


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह ग्वालियर में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। शाह दोपहर 2.40 बजे भोपाल एयरपोर्ट से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। आप 3ः35 बजे ग्वालियर पहुंचेंगे। शाह 3.55 बजे अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, जीवाजी विश्वविद्यालय पहुचंकर वृहद पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करेंगे। 5ः20 बजे पिंटो पार्क गायत्री नगर ग्वालियर में संपर्क अभियान में भाग लेंगे। शाम 5.50 बजे होटल आदित्याज में आयोजित बैठक में भाग लेंगे। शाह शाम 7.45 बजे ग्वालियर से दिल्ली प्रस्थान करेंगे।

No comments

Powered by Blogger.