Google Analytics मध्यप्रदेश की पहली सोलर सिटी साँची का संदेश पूरे देश में फैले - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह - Pipariya Peoples latest News update

मध्यप्रदेश की पहली सोलर सिटी साँची का संदेश पूरे देश में फैले - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह


17 अगस्त को साँची, कुरवाई और भोपाल में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा


भोपाल, 13 अगस्त| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा है कि रायसेनजिले के साँची में सौर ऊर्जा के संरक्षण और संवर्धन के लिए अद्भुत प्रयास किया गया है। साँची, मध्यप्रदेश की पहली सोलर सिटी है, जहाँ सौर ऊर्जा का बड़े स्तर पर उपयोग किया जा रहा है। संभवत: यह देश की पहली सोलर सिटी होगी। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में यहाँ हुए कार्यों का पूरे देश और दुनिया में संदेश जाए। सौर ऊर्जा का पर्यावरण-संरक्षण में अहम योगदान होता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह आज निवास कार्यालय समत्व भवन में 17 अगस्त को साँची सोलर सिटी के शुभांरभ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने भोपाल में 17 अगस्त को विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिल प्रदाय के लिये राशि वितरण एवं सीएम राइज स्कूल के कार्यक्रम तथा विदिशा जिले के कुरवाई में जनदर्शन यात्रा की तैयारियों की समीक्षा भी की। बैठक में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा और स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


कार्बन डाई ऑक्साइड के उत्सर्जन में 13 हजार 747 टन की आएगी कमी


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि साँची सोलर सिटी के उद्घाटन कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमियों को आमंत्रित किया जाए। सौर ऊर्जा के संरक्षण और संवर्धन के लिए जनता में जागरूकता लायी जाए। साँची सोलर सिटी की सभी गतिविधियों से कार्बन डाई ऑक्साइड के उत्सर्जन में सालाना लगभग 13 हजार 747 टन की कमी आएगी, जो लगभग 2 लाख 3 हजार बड़े वृक्षों द्वारा किये गये कार्बन डाई ऑक्साइड के उपयोग के बराबर है। बताया गया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह साँची स्तूप स्थित व्यू पाईंट से सोलर प्लांट का अवलोकन करेंगे। कार्यक्रम स्थल से विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी किया जाएगा।


साइकिल की राशि वितरण कार्यक्रम में जुड़ेंगे सभी स्कूलों के विद्यार्थी


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि साइकिल के राशि वितरण कार्यक्रम में सभी स्कूलों के विद्यार्थियों को वर्चुअली जोड़ा जाए। भोपाल में 17 अगस्त को हो रहे राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान सीएम राइज महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरखेड़ा भेल का भूमि-पूजन भी करेंगे। यह प्रदेश का सबसे बड़ा सीएम राइज स्कूल होगा।


कुरवाई में होगा 250 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि 17 अगस्त को विदिशा जिले के कुरवाई में जनदर्शन यात्रा की बेहतर तैयारी की जाए। समाज का हर वर्ग और संस्थाएँ यात्रा से जुड़ें। यात्रा के बाद जन-सभा होगी,जिसमें 250 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कलेक्टर विदिशा को कार्यक्रम की सुव्यवस्थित तैयारी करने के निर्देश दिए।

No comments

Powered by Blogger.