Google Analytics महादेव पानी हादसे में किशोर के साथ एक महिला की भी हुई थी मौत़ - Pipariya Peoples latest News update

महादेव पानी हादसे में किशोर के साथ एक महिला की भी हुई थी मौत़



भोपाल से सटे रायसेन जिले के पर्यटन स्थल महादेव पानी में 17 वर्षीय विधान सेन के साथ भोपाल की 27 वर्षीय सबा हुसैन भी पानी के बहाव में बह गई थी। विधान के बाद देर रात उसका शव स्वजनों ने तलाश किया। वह अपने पति और रिश्तेदारों के साथ घूमने गई थी। विधान के साथ सबा के शव का भी सोमवार को हमीदिया अस्पताल की मर्चुरी में पोस्टमार्टम कर उसके स्वजनों के सुपुर्द किए गए। इस दौरान उसके स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। दोनों के शव दो-दो किमी तक बह गए थे।


रात आठ बजे के करीब मिला शव

27 साल की सबा भी सेहतगंज में हादसे का शिकार हुई। वह पति समीर हुसैन और भाई-भाभी के साथ सेहतगंज में घूमने गई थी। अचानक पानी बढ़ने से वह बह गई। रात साढ़े 8 बजे उसका शव मिला था। सबा की शादी आठ साल पहले समीर से हुई थी। उसका सात साल का एक बेटा है। सबा की मौत से उसकी मां और पति के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। मां बिलखती हुई हमीदिया अस्पताल में पहुंची। वहीं, पति समीर को स्वजन संभाल रहे थे। सबा का शव भी स्वजनों और लोगों की मदद से तलाशा गया।


बहाव बढ़ा और वह आंखों सामने बह गई

पति समीर ने बताया कि पानी का अचानक बहाव बढ़ गया और सबा बह गई। उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं कर सके। प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं आई। स्थानीय लोग ही बचाने आगे आए थे। कई लोग पानी में फंसे थे। हम भी दो से तीन घंटे तक फंसे हुए थे।हम लोगों की मदद से तलाश कर पाए।


शासन-प्रशासन की लापरवाही

विधान के ममेरे भाई गुलाब सेन ने बताया कि महादेव पानी में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। रेस्क्यू आपरेशन भी बंद कर दिया था। यदि रात में तेज बारिश होती तो शव आगे चला जाता। प्रशासन ने हमसे सुबह 6 बजे से रेस्क्यू करने की बात कही थी, लेकिन हम विधान को तलाशते रहे, जो हमें रात 1.30 बजे दो से ढाई किलोमीटर दूर मिला। इसके बाद हम हमीदिया आए थे। विधान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

No comments

Powered by Blogger.