Google Analytics भीषण चक्रवाती तूफान बिपर्जय 15 जून को मंडावी में टकराएगा - Pipariya Peoples latest News update

भीषण चक्रवाती तूफान बिपर्जय 15 जून को मंडावी में टकराएगा


भोपाल/ अरब सागर में उठा भीषण चक्रवाती तूफान बिपर्जय उत्तर दिशा की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक तूफान के 15 जून की शाम को कराची-कच्छ (गुजरात) के बीच मंडावी में टकराने के आसार हैं। उधर एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में पाकिस्तान के आसपास बना है। हवा का रुख भी पश्चिमी बना हुआ है। मंगलवार को सुबह राजधानी भोपाल में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। हवा के साथ नमी आने के कारण भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

                                          मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी एनएन साहू ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर ओडिशा तक एक द्रोणिका बनी हुई है। जो छत्तीसगढ़ से होकर जा रही है। इन मौसम प्रणालियों के असर से तेज रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। साथ ही मंगलवार-बुधवार को भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, शहडोल, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवा का रुख पश्चिमी बना हुआ है। मंगलवार को सुबह राजधानी में अधिकतम 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। इससे उमस से कुछ राहत मिली। शुक्ला के मुताबिक भीषण चक्रवाती तूफान बिपर्जय उत्तरी दिशा में आगे बढ़ रहा है। 15 जून की शाम को मंडावी तट पर टकराने के बाद कुछ कमजोर पड़ने के बाद यह तूफान राजस्थान की तरफ बढ़ेगा। इसके प्रभाव से 15-16 जून को मप्र में भी तेज रफ्तार से हवाएं चलेंगी। बादल छाने लगेंगे। साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों के वर्षा भी होने के आसार हैं।

No comments

Powered by Blogger.