Google Analytics आई.ए.एस. सर्विस मीट का मुख्यमंत्री चौहान ने किया उद्घाटन - Pipariya Peoples latest News update

आई.ए.एस. सर्विस मीट का मुख्यमंत्री चौहान ने किया उद्घाटन

 


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा, व्यक्ति को समाज, देश और प्रदेश के विकास तथा जन-कल्याण का अवसर प्रदान करती है। यहाँ हमें अपने विज़न से विकास और सेवा का अवसर मिलता है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे पारदर्शी, तकनीकी समझ से परिपूर्ण, सृजनशील दृष्टिकोण से युक्त, कल्पनाशील और नवाचारी हों। यह भी आवश्यक है कि वे सक्रिय, विनम्र, व्यावसायिक रूप से दक्ष, प्रगतिशील, सक्षम और ऊर्जावान रहें। इन सब के साथ यह भी आवश्यक है कि अधिकारी संवेदनशील हों। मुख्यमंत्री चौहान ने अधिकारियों को विलक्षण कार्य तथा समर्पित भाव से जन-सेवा के लिए प्रेरित करते हुए कवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियाँ "मरणोपरान्त जीने की है यदि चाह तुझे, तो सुन, बतलाता हूँ मैं सीधी सी राह तुझे। लिख ऐसी कोई चीज की दुनिया डोल उठे, या कर कुछ ऐसा काम, जमाना बोल उठे" पढ़ीं। मुख्यमंत्री चौहान प्रशासन अकादमी में आई.ए.एस. सर्विस मीट 2023 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मीट 22 जनवरी तक होगी।



आप मेरी टीम नहीं, परिवार के सदस्य हैं


मुख्यमंत्री चौहान ने आई.ए.एस. ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित सर्विस मीट को संबोधित करते हुए कहा कि आप मेरी टीम नहीं, परिवार के सदस्य हैं। हम सब एक मिशन और लक्ष्य के लिए काम कर रहे हैं। हमने कोविड के कठिन काल में जिन चुनौतियों और कठिनाइयों में कार्य किया, वह अकल्पनीय है। कई अधिकारियों ने कोविड प्रभावित होने के बाद भी व्यवस्थाएँ संभाली और जन-सहयोग से नवाचार और परिश्रम की पराकाष्ठा के साथ प्रदेश को कोविड क्राइसिस से मुक्त करने का मार्ग प्रशस्त किया। प्रदेश में अन्य राज्यों से आए मजदूरों को भी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। मुख्यमंत्री चौहान ने मुक्त कंठ से टीम मध्यप्रदेश की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश ने श्रेष्ठतम कोविड प्रबंधन का परिचय दिया।

No comments

Powered by Blogger.