Header Ads

Header ADS

भारत की स्पीड क्या है दुनिया जानना चाहती है : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

 

देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में आयोजित प्रवासी भारतीय सम्मेलन में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया जानना चाहती है कि भारत की स्पीड क्या है, भारत का भविष्य क्या है, क्योंकि कुछ वर्षों में भारत ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वो अभूतपूर्व हैं। भारत की यह बढ़ती ताकत आने वाले दिनों में और ज्यादा बढ़ने वाली है, इसलिए प्रवासी भारतीयों की जिम्मेदारी और बन जाती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष दुनिया के जी 20 समूहों की अध्यक्षता भी कर रहा है। भारत इस जिम्मेदारी को एक बड़े अवसर के रूप में देख रहा है। हमारे लिए यह दुनिया को भारत के बारे में बताने का अवसर है। भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है। यह जनभागीदारी का एतिहासिक आयोजन बनाना है।


उन्होंने कहा कि आज भारत के पास न सिर्फ नालेज सेंटर बनने का बल्कि स्किल कैपिटल बनने की ताकत भी है। हमारे युवाओं के पास स्किल भी है, वैल्यूज भी हैं और काम करने के लिए जरूरी जज्बा और ईमानदारी भी है। भारत की यह स्किल कैपिटल दुनिया के विकास का इंजन भी बन सकती है।

मोदी ने प्रवासी भारतीयों से आहृवान करते हुए कहा कि आप जहां रहते हैं, भारत को अपने साथ रखते हैं। आप दुनिया में कहीं भी रहेंगे, देश आपके हितों के लिए आपके साथ रहेगा। भारत के बारे में आपकी जानकारी जितनी होगी, उतना ही आप बढ़ते भारत की जानकारी दुनिया को बता पाएंगे। आपको भारत की प्रगति की विस्तृत जानकारी होनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में उपस्थित युवाओं के साथ ही भारत की प्राथमिकता वो प्रवासी युवा भी हैं, जो विदेश में रहते हैं। वे अपने माता-पिता के देश के बारे में जानना चाहते हैं, अपनी जड़ों से जुड़ना भी चाहते हैं।

No comments

Powered by Blogger.