Google Analytics किरारों की नाराज़गी को भुनाने का प्रयास कर रही कांग्रेस! - Pipariya Peoples latest News update

किरारों की नाराज़गी को भुनाने का प्रयास कर रही कांग्रेस!

 शाह नगराध्यक्ष चौधरी  को ब्लाक कांग्रेस की कमान

पिपरिया।कांग्रेस पार्टी अब पूरी तरह से विधान सभा चुनाव के लिए तैयार होती दिखाई दे रही है।पहली बार है की आम चुनाव से करीब 10 माह पहले ही पार्टी चुनावी मोड में आ गई है। पार्टी विधानसभा चुनाव में अपनी जीत को लेकर अभी से ही राजनैतिक बिसात बिछाना शुरू कर रही है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी का सबसे पहला कदम दशकों बाद कांग्रेस संगठन में बदलाव को लेकर दिखाई दे रहा है।कांग्रेस पार्टी में जान फूंकने के लिए ब्लाक व नगर संगठन के मुखिया को बदला गया है।लंबे समय तक नगर कांग्रेस अध्यक्ष रहे व वर्तमान में ब्लाक अध्यक्ष दिलीप पालीवाल को हटा कर शरद चौधरी को ब्लाक कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।कई वर्षों से नगर कांग्रेस अध्यक्ष की खाली पड़ी कुर्सी पर एनएसयूआई एवं युवक कांग्रेस के पूर्व नेता मनीष शाह की नियुक्ति की गई है। इन दोनों ही नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग पिछले कई वर्षो से इन दोनो ही पदों पर ऊर्जावान नेताओं को बैठाने की थी।जिसको अब जा कर कांग्रेस आलाकमान ने स्वीकार किया है।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष शरद चौधरी व नगर कांग्रेस अध्यक्ष मनीष शाह को बधाईयां प्रेषित की है।




-चौधरी के बहाने किरार वोट बैंक को साधने का प्रयास-  

ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए शरद चौधरी किरार समाज से आते है।वही पिपरिया विधानसभा को किरार बहुल्य माना जाता है। राजनीति के जानकारों की माने तो कांग्रेस इस समय किरार समाज के बड़े वोट बैंक को साधने में जुटी हुई है।पिपरिया विधानसभा में पिछले तीन विधानसभा चुनावों से किरार समाज को भाजपा का वोट बैंक माना जाता था।यह असर किरार समाज से आने वाले सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भी कहा जाता रहा है।परंतु साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस नेताओं का दावा है की वर्तमान में पिपरिया विधानसभा चुनाव में किरार समाज भाजपा से नाराज चल रही है।कांग्रेस नेताओं की माने तो पिपरिया सहित बनखेड़ी में किरार समाज के नेताओं को भाजपा की गुटबाजी के चलते जान बूझ कर बड़े पदों पर आसीन नहीं होने दिया गया है।इसके चलते ही शरद चौधरी को ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिससे की किरार समाज में कांग्रेस को लेकर उम्दा संदेश पहुंचे।अब देखना यह है की शरद चौधरी किस तरह से किरार समाज सहित अन्य समाजों में कांग्रेस का वोट बैंक खड़ा करते है।

-समाज सेवा से जुड़े शाह बने नगराध्यक्ष-

नगर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए समाजसेवी मनीष शाह प्रमुख रूप से व्यापारी वर्ग से आते है।गुजराती समाज से आने वाले शाह लायंस क्लब सहित अन्य समाजसेवी संस्थाओं के माध्यम से पिछले करीब दो दशकों से पिपरिया विधानसभा में समाज सेवा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बड़े आयोजनकर्ता भी माने  जाते है।कांग्रेस से हटकर भी मनीष की खुद की बड़ी टीम है। जो दिन रात उनको हर संभव सहायता करने के लिए खड़ी रहा करती है। शाह ने दोनो कोरोना काल में अपनी टीम के साथ मिल कर आम जनता की मेडिकल, भोजन, आक्सीजन सहित कई तरह की मदद की है।शाह इसके पहले भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एवं युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रह चुके है। इसके चलते उनके समर्थक पूरी विधानसभा में मौजूद है। पार्टी इस चुनाव में मनीष शाह के संपर्कों का पूरा फायदा उठाना चाह रही है। इसके चलते ही उनको नगर कांग्रेस अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है।

-दर्शन सिंह पेशोपेश में-

इलाक़े में दर्शन सिंह चौधरी को किरार समाज का बड़ा नेता माना जाता है।इसके चलते ही दर्शन को भाजपा किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया गया है।दर्शन सिंह जब से भाजपा की राजनीति में सक्रिय हुए है।तब से किरार समाज के कई कांग्रेसी नेता भी भाजपा का गुणगान करते हुए देखे जा सकते है।परंतु वर्तमान में किरार समाज भाजपा से नाराज़ है।ऊपर से शरद चौधरी का ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बनना दर्शन सिंह के लिए भी चुनोती भरा साबित हो सकता है।क्योंकि दर्शन सिंह स्वयं को मुख्यमंत्री शिवराज का ख़ास सिपह सलाहकार माना करते है।अब आने वाले समय में देखना होगा की दर्शन सिंह समाज को भाजपा के पक्ष में कितना रख सकते है।

No comments

Powered by Blogger.