Header Ads

Header ADS

बलौदा बाजार-सिमगा मार्ग पर 38 करोड़ से बनेगा रिंगनी रेलवे ओवरब्रिज, हजारों लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

 जिले के सिमगा विकासखंड में हथबंद के पास ग्राम रिंगनी में मुंबई-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से 962 मीटर लंबे रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद बलौदा बाजार-सिमगा मार्ग पर रेलवे फाटक के कारण लगने वाले लंबे जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।




24 घंटे में करीब 20 घंटे बंद रहता है रेलवे फाटक
रिंगनी स्थित रेलवे क्रॉसिंग से मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर प्रतिदिन 220 से अधिक यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं। इसके कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है। कई बार राहगीरों, स्कूली विद्यार्थियों और एंबुलेंस जैसे जरूरी वाहनों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।

उद्योगों और 80 से ज्यादा गांवों को होगा फायदा
सिमगा क्षेत्र में कई सीमेंट और स्टील संयंत्र होने के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव भी रहता है। वहीं सुहेला और हथबंद क्षेत्र की 80 से अधिक ग्राम पंचायतों के लोग रोजमर्रा के काम, रोजगार, व्यापार और सरकारी कार्यों के लिए इस मार्ग से आवाजाही करते हैं। ROB बनने के बाद रेलवे फाटक पर निर्भरता कम होगी और यातायात अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

26 कॉलम पर तैयार होगा 962 मीटर लंबा पुल
परियोजना के तहत कुल 26 कॉलम बनाए जाएंगे। इनमें एप्रोच रोड समेत 23 कॉलम का निर्माण सेतु निगम के माध्यम से किया जा रहा है, जबकि रेलवे ट्रैक के ऊपर आने वाले तीन मुख्य कॉलम रेलवे विभाग बनाएगा। परियोजना को सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

No comments

Powered by Blogger.