मुख्यमंत्री यूथ इंटर्नशिप प्रोगाम का शुभारम्भ किया

 मुख्यमंत्री यूथ इंटर्नशिप प्रोगाम का शुभारम्भ किया


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इंटर्नशिप का कार्य ज्ञान, भक्ति और कर्म का त्रिवेणी संगम है। इससे जुड़ कर युवा अपनी जिंदगी का एक नया अध्याय प्रारंभ कर रहे हैं। प्रदेश की प्रगति और विकास के लिए आपकी यह इंटर्नशिप मील का पत्थर साबित होगी। यह दुनिया का सबसे बड़ा इंटर्नशिप प्रोग्राम है। दुनिया के लोग इससे जुड़ गए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान पुलिस ग्राउण्ड, नेहरू नगर में सीएम इंटर्न्स बूटकैंप, मुख्यमंत्री यूथ इंटर्नशिप प्रोग्राम (मुख्यमंत्री जन सेवा मित्र) के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री यूथ इंटर्नशिप प्रोगाम में चयनित युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में एग्पा ने विभिन्न 8 संस्थाओं के साथ एमओयू किया।


मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बन गए हैं। उनके नेतृत्व में देश विकास के नए सोपान गढ़ रहा है। अनेक योजनाएँ प्रधानमंत्री जी चला रहे हैं। अद्भुत कार्य कर रहे हैं। आज भारत नजरें झुका कर नहीं आँखें मिला कर दुनिया से बात करता है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह सब उनके आत्म-विश्वास और कठिन परिश्रम से संभव हो रहा है। सभी युवाओं को भी अपने आप पर भरोसा रख कर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दो तरह के लोग होते हैं, एक हताश और दूसरे असंभव को संभव करने वाले। युवा अपने ऊपर निराशा हावी न होने दें, पूरे आत्म-विश्वास के साथ कार्य करें। शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ जनता तक पहुँचाने के लिए मैदान में डट कर कार्य करें।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंटर्नशिप मध्यप्रदेश को गुड गवर्नेंस देगी। सरकार के कार्यों में सहयोग मिलेगा। यह अपने टेलेंट को दिखाने और सीखने का मौका है। ढंग से ट्रेनिंग लें, जो भावी जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। हम अपने ज्ञान और स्किल के बल पर दुनिया पर राज कर सकते हैं। एक लाख 14 हजार पदों पर सरकारी भर्तियां चल रही हैं।

कार्यक्रम में 4 हजार 600 से ज्यादा इंटर्न्स शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर ग्राउंड में फैला कचरा उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

No comments

Powered by Blogger.