नगर सरकार चुनने को लेकर मतदाताओं में उत्‍साह

प्रदेश के 19 नगरीय निकायों में चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। इसके तहत राघौगढ़-विजयपुर नगर पालिका में भी मतदान जारी है। ठंड के चलते सुबह मतदान की गति धीमी रही, लेकिन जैसे-जैसे हल्की धूप खिलना शुरू हुई, तो मतदाता भी घरों से निकलने लगे। दोपहर तीन बजे तक 32.19 फीसदी मतदान हो चुका था। राघौगढ़ के मतदान केंद्र क्रमांक 36 डोंगर पर लगभग 100 वर्ष आयु की मतदाता दौलीबाई धाकड़ द्वारा मतदान किया गया। पुरुषों के अलावा महिलाओं में भी नगर सरकार चुनने को लेकर खासा उत्‍साह नजर आ रहा है।


सर्द मौसम के बीच रघौगढ़ नगरपालिका के लिए शुक्रवार सुबह सात बजे से मतदान की शुरुआत हुई। हालांकि, ठंड के चलते मतदान की गति धीमी रही, जहां वोटर गर्म कपड़ों के सहारे मतदान केंद्रों तक पहुंचे। इस तरह सुबह नौ बजे तक 11.15 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। इसके बाद हल्की धूप खिलने लगी, तो मतदाताओं के घरों से निकलने का सिलसिला भी चल पड़ा और 11 बजे तक 32.19 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान राघौगढ़ के बूथ क्र. 59 पर सुबह ईवीएम में कुछ गड़बड़ी की शिकायत हुई, जिस पर तत्काल ईवीएम को बदला गया। अब तक प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। राघौगढ़ नगरपालिका चुनाव में दोपहर एक बजे तक 47.98 फीसद मतदान हुआ। इसमें 51 फीसद पुरुष और 44 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया।

15 केंद्र संवेदनशील, आठ स्थानों पर नाकाबंदी

नपा चुनाव के लिए 63 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 15 संवेदनशील हैं। यहां पुलिस के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। राघौगढ़ नपा के 24 वार्डों में 45108 मतदाता हैं, जो नगर सरकार चुन रहे हैं। इनमे 23446 पुरुष और 21660 महिला मतदाता हैं। इस चुनाव में कुल 650 अधिकारी कर्मचारियों को तैनात किया गया है, तो आठ स्थानों पर नाकाबंदी प्वाइंट बनाए गए हैं।

No comments

Powered by Blogger.