Google Analytics किसान कर्ज माफी में कोताही बर्दास्त नहीं होगी:मुख्यसचिव - Pipariya Peoples latest News update

किसान कर्ज माफी में कोताही बर्दास्त नहीं होगी:मुख्यसचिव

किसान कर्ज माफी में कोताही बर्दास्त नहीं होगी:मुख्यसचिव
भोपाल। मुख्य सचिव एस.आर. मोहंती ने किसान कर्ज माफी की पूरी व्यवस्था दे दी है। उन्होंने प्रदेश के सभी कमिश्नर एवं कलेक्टर्स से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बात की और किसान कर्ज माफी का पूरा शेड्यूल समझाया। उन्होंने निर्देशित किया कि कर्ज माफी में किसी भी प्रकार की कोताही बरती नहीं जानी चाहिए। सब कुछ नियत समय पर ही सम्पन्न हो।
सम्पूर्ण प्रदेश में 15 जनवरी से योजना का क्रियान्वयन आरंभ किया जा रहा है।
समस्त ग्राम पंचायतों में 18 जनवरी तक हरी और सफेद सूचियाँ चस्पा होना सुनिश्चित किया जाये।योजना के तहत 22 फरवरी से किसानों को भुगतान होना है।अत: जिला स्तर पर सभी गतिविधियों का संचालन समय सीमा में सुनिश्चित किया जाये।मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में 26 बैंकों की 7 हजार 500 शाखाओं के माध्यम से योजना का क्रियान्वयन किया जायेगा।ऑफ लाईन आवेदन पत्र हरे, सफेद तथा गुलाबी आवेदन-पत्रों में भरे जायेंगे,जो पर्याप्त मात्रा में जिलों में 15 जनवरी तक ग्राम पंचायतों में पहुंच जाएंगे। हरे आवेदन पत्र प्राप्त करते समय नोडल अधिकारी आवश्यक रूप से हरी सूची के सरल क्रमाँक आवेदन पर लिखना सुनिश्चित करें।
चालीस लाख किसानों के नाम cmlws.mponline.gov.in पर अपलोड किये जा रहे हैं। मंगलवार 15 जनवरी से ग्राम पंचायत वार तथा शाखा वार हरी और सफेद सूचियों को पोर्टल से डाउनलोड कर चस्पा करने की प्रक्रिया बनाई गई है।प्रति दिन ग्रामवार तथा शाखावार प्राप्त होने वाले आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की जायेगी।प्रदर्शित की जाने वाली सूचियों में कृषकों के नाम हिन्दी में ही दर्ज होंगे।आवेदन प्राप्त होने के साथ-साथ उनको रिकार्ड में दर्ज किया जाएगा।इस संबंध में श्री मोहंती ने दूरदराज के जिलों डिण्डौरी, अलीराजपुर,सिंगरौली, श्योपुर,के कलेक्टरों से विशेष रूप से बातचीत कर आवेदन-पत्र प्राप्त होने संबंधी जानकारी प्राप्त ली। वीडियो कॉफ्रेंस में कृषि उत्पादन आयुक्त पी.सी.मीना, प्रमुख सचिव किसान कल्याण डॉ.राजेश राजौरा,प्रमुख सचिव वित्त अनुराग जैन,प्रमुख सचिव सहकारिता के.सी.गुप्ता,MD मंडी बोर्ड फैज अहमद किदवई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

No comments

Powered by Blogger.